लखनऊ। मरीज से प्रदूषण शुल्क वसूली के मामले में दुबग्गा स्थित निजी अस्पताल को नोटिस दिए हुए तीन कार्यदिवस बीत चुके हैं मगर संचालक ने अब तक जवाब नहीं दिया है। सीएमओ ने अस्पताल संचालक से तीन कार्यदिवस में स्पष्टीकरण मांगा था। अब सोमवार तक जवाब नहीं मिलने पर अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
सीतापुर निवासी युवती को परिजनों ने बुखार के इलाज के लिए दुबग्गा स्थित लखनऊ तुलसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। अस्पताल ने इलाज के नाम पर करीब डेढ़ लाख रुपये का बिल थमा दिया। इसमें ऑक्सीजन शुल्क के तौर पर 23 हजार रुपये और करीब नौ घंटे के प्रदूषण चार्ज के नाम पर 1,800 रुपये वसूले गए थे।
परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) के बीच जिम्मेदारी को लेकर खींचतान चलती रही। मरीज की शिकायत पर दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी थोपते हुए कार्रवाई से बचते रहे।
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और एफएसडीए हरकत में आया। सीएमओ ने अस्पताल संचालक देशराज यादव को नोटिस जारी कर तीन कार्यदिवस में जवाब मांगा था। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिला है। सोमवार तक स्पष्टीकरण न आने पर अस्पताल के संचालन पर रोक लगाने समेत आगे की कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।