बख्शी का तालाब। देवराई कला स्थित डिस्पोजल सामग्री के गोदाम का ताला तोड़कर चोर करीब 12 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित ने बख्शी का तालाब थाने में तहरीर दी है। मड़ियांव के प्रीतिनगर निवासी ऋषि गुप्ता का देवराई कला में डिस्पोजल सामग्री का गोदाम है। उनके मुताबिक, शनिवार रात आठ बजे वह गोदाम बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह कर्मचारी गोदाम पहुंचे तो चोरी का पता चला। पीड़ित के अनुसार, गोदाम के पास भारी वाहन के टायरों और जूतों के निशान भी मिले हैं। इससे पहले अक्तूबर में गोदाम का ट्रांसफार्मर भी चोरी हो गया था। पुलिस से इसकी शिकायत भी की गई थी। इंस्पेक्टर बख्शी का तालाब संजय सिंह ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।