लखनऊ। ठाकुरगंज स्थित ऑक्सीजन हॉस्पिटल में बच्चे की मौत मामले की जांच आगे नहीं बढ़ सकी है। एडी ऑफिस ने संचालक को दस्तावेज के साथ तलब किया था, मगर आरोप है कि संचालक ने इलाज से जुड़े दस्तावेज एडी ऑफिस को मुहैया नहीं कराया है।
ठाकुरगंज की दूध मंडी निवासी सोमैया के बेटे जियान (3) को परिजनों ने बुखार व शरीर में दर्द होने की शिकायत पर बीते दिनों ऑक्सीजन हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। यहां इंजेक्शन लगाने पर उसकी हालत बिगड़ गई और फिर 21 जुलाई को मौत हो गई थी। एडी मंडल डॉ. जीपी गुप्ता भी मामले की जांच कर रहे हैं। एडी ने अस्पताल संचालक को फाइल समेत डॉक्टरों को बयान दर्ज कराने के लिए मंगलवार को ऑफिस बुलाया था, मगर संचालक ने दस्तावेज मुहैया नहीं कराए। एडी मंडल का कहना है कि दोबारा नोटिस देने बाद भी अगर संचालक ने दस्तावेज व बयान दर्ज नहीं कराए तो रिपोर्ट शासन को भेजकर अस्पताल बंद करने की संस्तुति की जाएगी।