लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल में भर्ती मरीज को खून दिलाने के एवज में रिश्तेदार गार्ड ने पांच हजार रुपये वसूल लिए। खून चढ़ाने से मरीज को दिक्कत होने पर तीमारदार ने अफसरों से शिकायत की। अधिकारियों ने गार्ड को फटकार लगाते हुए रुपये वापस कराए। उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
निगोहां निवासी 16 वर्षीय शालिनी को बी-पॉजिटिव ग्रुप का खून चढ़ाना था। वहां तैनात रिश्तेदार गार्ड ने तीमारदार अखिलेश कुमार से रुपये लिए और बाहर से खून लेकर आ गया। इसे चढ़ाने के बाद शालिनी को परेशानी होने लगी। डॉक्टरों ने दवा दी, जिससे हालत सुधरी। इसके बाद अखिलेश ने अस्पताल की निदेशक को शिकायती पत्र दिया।