लखनऊ। ठाकुरगंज के राधाग्राम निवासी निजी चालक कृष्णा गुप्ता (25) की हत्या उनकी प्रेमिका के भाई ने तीन साथियों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने शुक्रवार रात चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों के मुताबिक, प्रेमिका की सगाई होने के बाद भी कृष्णा उसे परेशान कर रहे थे। इसी वजह से उनकी हत्या की गई।
इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में युवती का भाई राधाग्राम निवासी मोनू उर्फ संजय यादव और छठा मील मुस्लिम नगर निवासी राजा, नौबस्ता का मो. आमिर व जानकीपुरम विस्तार निवासी शरीफ है। मोनू को पुलिस ने पहले से हिरासत में ले लिया था, जबकि तीन आरोपियों को इंजीनियरिंग कॉलेज पुल के नीचे से शुक्रवार रात पकड़ा गया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड, ब्लेड और पाना बरामद कर लिया गया है। चारों आरोपी टैक्सी चालक हैं।
इंस्पेक्टर ने बताया कि कृष्णा का शव बीते बुधवार को सुबह घैला पुल के पास अर्धनग्न हालत में मिला था। उनके गले पर ब्लेड के कट व सिर के पीछे चोट का निशान था। बृहस्पतिवार को ठाकुरगंज निवासी सूरज गुप्ता ने शव की पहचान अपने छोटे भाई कृष्णा के रूप में की थी। सूरज ने मोनू पर हत्या का आरोप लगाते हुए मड़ियांव थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।
वसंतकुंज हरिनगर योजना के पास की थी हत्या
घैला चौकी प्रभारी अमित साहू के मुताबिक, आरोपी मोनू ने बताया कि कृष्णा का उसकी बहन से प्रेम-प्रसंग था। बहन की सगाई होने के बाद से उसने कृष्णा से दूरी बना ली थी। इसके बाद भी वह बहन को परेशान कर रहा था। रिश्ता तुड़वाने की धमकी दे रहा था। इससे नाराज होकर मोनू ने कृष्णा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके तहत मोनू व उसके तीन साथियों ने 17 मई को कृष्णा के साथ शराब पी। फिर वसंतकुंज हरिनगर योजना के पास ले जाकर उसकी हत्या कर दी और शव घैला पुल के पास फेंक दिया था।