लखनऊ। नगर निगम में ठेकों के टेंडर फॉर्म की बिक्री में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद मुख्य अभियंता महेश वर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिया है कि टेंडर फाॅर्म की उपलब्धता समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित की जाए। संबंधित पटल और कार्यालयों पर पर्याप्त टेंडर फॉर्म उपलब्ध कराने की पूरी जिम्मेदारी अधिशासी अभियंता की होगी।
आदेश में कहा गया है कि मैनुअल टेंडर फॉर्म लेखा विभाग, मुख्य अभियंता कार्यालय, संबंधित अधिशासी अभियंता कार्यालय और फॉर्म कीपर के पास से बेचे जाते हैं। अक्सर देखा गया है कि इन कार्यालयों में पर्याप्त संख्या में फॉर्म उपलब्ध नहीं होते। इससे ठेकेदारों को निविदा प्रक्रिया में काफी परेशानी होती है। मुख्य अभियंता ने इस स्थिति पर गंभीरता जताई है। भविष्य में सभी निविदाओं के लिए प्रपत्र समय पर और पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए जाएं। यह सुनिश्चित किया जाए कि यह प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ हो। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।