लखनऊ। ठाकुरगंज के बसंतकुंज सेक्टर-आई निवासी नियाजुद्दीन अंसारी की शनिवार रात दबंगों ने रंजिश में बेरहमी से पिटाई कर दी। बचाव करने पहुंचे परिजनों को भी पीटा गया। गंभीर रूप से घायल नियाजुद्दीन का चचेरा भाई केजीएमयू में भर्ती है। पीड़ित ने थाने में 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पीड़ित नियाजुद्दीन ने बताया कि वह परिवार के साथ प्रेरणा स्थल के पास एलडीए के फ्लैट की पहली मंजिल पर रहते हैं और डाला चलाते हैं। रात करीब सात बजे वह घर के पास डाला खड़ा कर घरेलू सामान लेने दुकान पर पैदल जा रहे थे, तभी फ्लैट के भूतल पर रहने वाले आरोपियों ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडे, लोहे की जंजीर से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बचाव करने पहुंचे उनके पिता अली मुर्तजा, मां अजमतुल, भाई साकिब, चचेरे भाई मोनू, बहन मुस्कान और शबा को भी हमलावरों ने पीटा। यह भी आरोप है कि पिटाई के दौरान उनकी जेब से 10 हजार और मोनू की जेब से 15 हजार रुपये आरोपियों ने निकाल लिए।
इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि मामले में समरीन, जमील, अमन, शादाब, अमन, बबलू, गोरे, राजा, रज्जू, गजाला, शकीना, बकसुन्निशा, अमरीन, शाहरुख, मोनी, नूफिश और आमिर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनकी तलाश की जा रही है।
मारने की दी थी धमकी
नियाजुद्दीन ने बताया कि आरोपियों के बच्चों ने तीन महीने पहले उनके डाले का शीशा तोड़ दिया था। एक सप्ताह पहले उन्होंने डंडे से डाले का गेट तोड़ते हुए बच्चों को पकड़ लिया और एक थप्पड़ मार दिया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें मारने की धमकी दी थी।