अमेठी। जिले के फुरसतगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की रात घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात की जानकारी से क्षेत्र में दहशत फैल गई। इलाकाई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश की।
इसके साथ ही पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए। पैसों के लेनदेन और जमीन के लालच में बुजुर्ग की हत्या किए जाने का शक जताया जा रहा है। अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
फुरसतगंज थाना क्षेत्र के हिमांलपुर मजरे जमालपुर रामपुर गांव निवासी हरिद्वार (60) रात में घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान उसकी किसी ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। देर रात उसकी बेटी को वारदात की जानकारी हुई तो उसने पुलिस को सूूचना दी।
पुलिस ने पहुंचकर घटना की पड़ताल की। बताया जाता है कि हरिद्वार की सिर्फ एक बेटी विनीता है जो उसके साथ घर पर ही रहती थी। उसने कुछ दिन पहले ही सड़क किनारे की जमीन बेची थी। उसके नाम अन्य जमीन भी थी। चर्चा है कि पैसों के लेनदेन और जमीन के लालच में उसका मर्डर किया गया।
हालांकि पुलिस इस बावत अभी कुछ खोलकर नहीं बोल रही है। थानेदार प्रेमचंद्र सिंह ने बताया कि बेटी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। कई बिंदुओं पर घटना की तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही मर्डर का पर्दाफाश किया जाएगा।
मृतक हरिद्वार की बेटी विनीता ने बताया कि वह और पिता घर के बाहर सो रहे थे। रात करीब एक से दो बजे के बीच कुछ खटपट की आवाज आई। इस पर जागी तो एक व्यक्ति पिता के पास था। उसे देखते ही चोर-चोर चिल्लाई इतने में वह भाग निकला।
जब उसने पिता को जगाना चाहा तो देखा कि उनका गला किसी धारदार हथियार से कटा था। देखते ही देखते गांव के लोग जुट गए। पिता की हत्या से विनीता के आंसू नहीं थम रहे हैं। बार-बार पिता को याद करके रो पड़ती है।
कहती है कि पता नहीं यह सब किसने कर दिया। उधर, इस घटना के बाद से क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल है। सभी ने जल्द वारदात का खुलासा किए जाने की मांग की है। थानेदार का कहना है कि तफ्तीश चल रही है। जल्द ही हत्या आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।