लखनऊ। लखनऊ का पहला निजी ड्राइविंग टेस्टिंग सेंटर सोमवार से शुरू हो जाएगा। ऐसे में स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने वाले आवेदकों को ड्राइविंग टेस्ट देने के लिए अब बंथरा स्थित ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं टेस्टिंग सेंटर (डीटीटीआई) जाना होगा। इससे आवेदकों की दाैड़ बढ़ जाएगी।
दरअसल परिवहन विभाग ने ड्राइविंग टेस्ट को मैनुअल व्यवस्था से निकालकर कंप्यूटराइज्ड व सेंसर आधारित सिस्टम पर लाने का निर्णय किया था। इसी के तहत बंथरा में लखनऊ का पहला डीटीटीआई बनाया गया है। इसके बनने से अब ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ में 2014 में करीब 20 लाख रुपये खर्च कर बनवाया गया ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक अनुपयोगी हो जाएगा।
डीटीटीआई ट्रैक पर लगे सेंसर वाहन की गतिविधियों व चालक की गलतियों को पकड़ेंगे। इससे टेस्ट के परिणाम में मानवीय गलतियों की गुंजाइश कम हो जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ के पहले डीटीटीआई का उद्घाटन 30 जून को परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने किया था। हालांकि सेंटर का संचालन फायर एनओसी न होने व क्षमता कम होने के कारण शुरू नहीं हो सका था। डीटीटीआई में शुरुआत में प्रतिदिन करीब 150 आवेदकों का ड्राइविंग टेस्ट होगा, जिसे बाद में 250 से 300 तक पहुंचाया जाएगा।