सरोजनीनगर। बंथरा क्षेत्र में रविवार की रात लोडर वाहन आगे जा रहे डंपर में जा घुसा। इस हादसे में लोडर वाहन का चालक उसके केबिन में फंसकर बुरी तरह घायल हो गया। सूचना पाकर सरोजनीनगर एफएसओ धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में फायर टीम और बंथरा पुलिस मौके पर पहुंची। फायर टीम ने केबिन काटकर घायल चालक को बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे लोक बंधु अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक शाहजहांपुर जिले के कलान स्थित नरसिया में रहने वाले सौरभ (25) रविवार रात करीब 12 बजे अपना लोडर वाहन लेकर बंथरा में कटी बगिया की ओर जा रहे थे। कानपुर रोड पर शिवपुरा के पास आगे जा रहे डंपर के ब्रेक लेते ही लोडर वाहन पीछे से उसमें जा भिड़ा। इस हादसे में घायल लोडर चालक सौरभ का लोक बंधु अस्पताल में इलाज चल रहा है।