लखनऊ। द क्रिएटर्स क्लब और सीएएल ब्ल्यू ने अपने मुकाबले जीतते हुए अंडर-16 सिराज खान मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। क्रिएटर्स ने इंटरनेशनल क्लब को छह विकेट और सीएएल ब्ल्यू ने एसएमआर क्लब को चार विकेट से पराजित किया।
पहले मुकाबले में द क्रिएटर्स क्रिकेट क्लब की टीम ने रेड इंटरनेशनल स्पोर्ट्स क्लब को महज 154 रनों पर समेट दिया। अद्वितीय शुक्ला ने तीन जबकि सैफे आजम और अभय प्रताप सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए। जवाब में द क्रिएटर्स क्रिकेट क्लब ने मात्र 26.5 ओवरों में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम से अद्वितीय शुक्ला ने 50 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। शुभम शर्मा ने 39 रन बनाए। अद्वितीय शुक्ला को उनके बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। डॉ. अखिलेश दास स्टेडियम पर खेले गए दूसरे मुकाबले में सीएएल ब्ल्यू ने एसएमआर क्रिकेट क्लब को चार विकेट से पराजित किया। एसएमआर ने पहले बल्लेबाजी की और सभी विकेट खोकर 120 रन बनाए। जवाब में ब्ल्यू ने छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विजयी टीम से फजील अहमद ने तीन विकेट चटकाए, जबकि कुमार अभिनव ने नाबाद 53 रन बनाए।