लखनऊ। विश्व के बेहतरीन खानपान के वाले शहरों में शामिल किए जाने के बाद यूनेस्को ने लखनऊ को प्रमाणपत्र दे दिया है। यूनेस्को ने यह प्रमाणपत्र और सम्मान पत्र प्रदेश सरकार को भेजा गया था, जिसे बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त ने महापौर सुषमा खर्कवाल को सौंपा। पत्र में यूनेस्को की ओर से 2026 में मोरक्को में आयोजित सम्मेलन का आमंत्रण भी भेजा है।
यूनेस्को ने अक्तूबर माह में लखनऊ को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क के गैस्ट्रोनॉमी श्रेणी में शामिल किया है। इस उपलब्धि के लिए यूनेस्को के संस्कृति क्षेत्र के सहायक महानिदेशक एर्नेस्टो ऑट्टोने आर ने महापौर सुषमा खर्कवाल को यह सम्मान पत्र भेजा है। पत्र में उनको बधाई देते हुए बताया गया है कि लखनऊ लजीज खानपान वाले शहरों की सूची में अधिकृत तौर पर शामिल है। प्रमाणपत्र मिलने पर महापौर ने कहा कि यह शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है। शहर का नाम दुनिया में हो रहा है। यह प्रमाणपत्र और सम्मान शहर के चहुुंमुखी विकास को भी दर्शाता है। अब लखनऊ के लोग भी यूनेस्को की ओर से आयोजित होने वाले क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क के कार्यक्रमों में जाएंगे और अपनी विशेषताओं को साझा करेंगे। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज श्रीवास्तव, नम्रता सिंह, अरुण गुप्ता, डाॅ. अरविंद राव, भाजपा पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी पम्मी और सपा पार्षद दल नेता कामरान प्रमुख रूप से मौजूद रहे।