लखनऊ। राजधानी में मानसूनी बारिश का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। दो दिनों में पड़ी फुहारों से अधिकतम तापमान में 6.6 डिग्री तक की गिरावट आई और मौसम खुशनुमा हो गया। सोमवार को दिन चढ़ने के साथ शुरू हुई रिमझिम बारिश देर शाम तक जारी रही। वहीं शाम को हवा में ठंडक घुल जाने से सिहरन महसूस हुई। सोमवार को शाम साढ़े पांच बजे तक यहां 16.6 मिमी बारिश दर्ज हुई।
सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री की गिरावट के साथ 32.3 डिग्री दर्ज हुआ जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, रात का पारा 0.2 डिग्री की मामूली गिरावट के साथ 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके बाद लखनऊ में मानसूनी बारिश के मद्धिम पड़ने के संकेत है।
बारिश से बेहतर हुई लखनऊ की हवा
सोमवार को लखनऊ की औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 58 के साथ हरे श्रेणी में रही। गोमतीनगर की हवा की गुणवत्ता 41 सूचकांक के साथ गहरे हरे श्रेणी में रही। वहीं, कुकरैल, अलीगंज, बीबीएयू और तालकटोरा की हवा हरे श्रेणी में यानी सेहत के लिए अच्छी रही।