कार को बचाने में खंभे व दुकान से भिड़ी बस
मोहनलालगंज। गोपालखेड़ा गांव में बृहस्पतिवार सुबह कार को बचाने में निजी बस अनियंत्रित होकर दुकान व बिजली के खंभे से भिड़ गई। हादसे में 15 यात्री मामूली रूप से चोटिल हो गए। बिजली का खंभा टूटने से इलाके की बिजली ठप हो गई। टूटे खंभे को बदला गया। करीब आठ घंटे के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
घटना सुबह करीब पांच बजे की है। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर गोपालखेड़ा गांव के पास कट से सड़क पार कर रही कार को बचाने में उन्नाव जा रही निजी बस अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बस आदेश सिंह की परचून की दुकान से टकराकर खंभे से भिड़ गई। घटना में बस में सवार उन्नाव की कंचन समेत 15 लोग मामूली रूप से घायल हो गए। महिला को सीएचसी लाया गया। अन्य लोग बिना इलाज के चले गए। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग निकला।