बख्शी का तालाब। केरामपुर देवराई गांव निवासी विवाहिता गोल्डी सिंह (28) का शव शुक्रवार शाम कमरे में फंदे से लटका मिला। उनके भाई प्रशांत ने बहन की मौत का जिम्मेदार बहनोई व ससुराल वालों को ठहराया है।
बख्शी का तालाब के बराखेमपुर गांव निवासी प्रशांत ने बताया कि गोल्डी की शादी वर्ष 2020 में केरामपुर देवराई गांव निवासी दुर्गेश सिंह से हुई थी। शुक्रवार की शाम को उनके बहनोई का फोन आया कि गोल्डी ने फंदा लगा लिया है। इस पर वह व मायके वाले ससुराल के लिए निकले और पुलिस को भी सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा और अंदर पहुंची तो गोल्डी का शव पंखे के हुक में दुपट्टे के सहारे लटका मिला। पास में ही गोल्डी का बच्चा भी था। पुलिस ने गोल्डी को नीचे उतारा और राम सागर मिश्र अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रशांत ने बहनोई, उसके बड़े भाई, व मां-बाप पर बहन को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। एसीपी बख्शी का तालाब ज्ञानेंद्र सिंह ने मायके वालों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। भाई ने तहरीर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर मौत की सही वजह चल पाएगी। उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।