बिहार के युवक का शव सिटी स्टेशन के पास खून से लथपथ मिला
लखनऊ। वजीरगंज सिटी स्टेशन के पास शनिवार सुबह बिहार के सिवान के पचलखी निवासी राहुल (30) का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। उनके कान व पैर पर चोट के निशान थे। आशंका है कि उनकी हत्या की गई है। वहीं, पुलिस का दावा है कि किसी भारी वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है।
सिटी स्टेशन के पास जुबिली इंटर कॉलेज ढाल के पास राहुल का शव देख लोगों ने पुलिस को खबर दी। पुलिस को युवक के पास दो पासपोर्ट, सऊदी अरब के दो डेबिट कार्ड, एक ट्राली कार्ड, होटल का एक कार्ड, 20 के नोट और 10 के सिक्के मिले हैं। साथ ही गोपालगंज से गोमतीनगर का ट्रेन का टिकट मिला है। पुलिस ने उनके पास से मिले मोबाइल से परिजनों से संपर्क किया।
घरवालों ने बताया कि राहुल किसी काम से लखनऊ गए थे और चारबाग के पास होटल में ठहरे थे। शुक्रवार देर रात मां से फोन पर बात हुई थी। उस वक्त शराब के नशे थे। मां ने डांटा भी था। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। ऐसा लग रहा है कि भारी वाहन की चपेट में आने से मौत हुई है।