लखनऊ। सरकारी योजनाओं का लालच देकर कैसरबाग के ख्यालीगंज निवासी मजदूर राहुल अवस्थी के पड़ोसी सलीम ने उनका बैंक खाता खुलवाया। फिर उसमें ठगी की रकम भेजी। दोबारा रुपये आते ही उनका खाता फ्रीज हो गया। हुसैनगंज पुलिस ने आरोपी सलीम के खिलाफ बृहस्पतिवार को धोखाधड़ी की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
राहुल के मुताबिक कुछ दिन पहले सलीम ने उन्हें खाता खोलने पर सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की बात बताकर झांसे में लिया। वह उसके साथ इंडियन बैंक की बर्लिंगटन शाखा पहुंचे और खाता खुलवाया।
इंस्पेक्टर राम कुमार गुप्ता के मुताबिक प्राथमिक जांच में सामने आया है कि राहुल के खाते में पहली बार रकम आने पर सलीम ने उसे दो हजार रुपये दिए। दोबारा रकम आने पर राहुल जब तक रकम निकालते, तब तक उनका खाता फ्रीज हो चुका था। बैंक से संपर्क करने पर पता चला कि उनके खाते में ठगी की रकम भेजी गई है। इस पर उन्होंने बृहस्पतिवार को हुसैनगंज थाने में शिकायत की। रकम कहां से ट्रांसफर हो रही है और इसमें सलीम की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।