एटीएम की ट्राली में स्टिक चिपकाकर रकम पार करने का आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। तालकटोरा पुलिस ने बृहस्पतिवार को एटीएम में छेड़छाड़ कर लोगों की गाढ़ी कमाई हड़पने के आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी प्रतापगढ़ के मांधाता निवासी नौशाद अली के खिलाफ राजाजीपुरम के गुरुद्वारा चौराहा स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के प्रबंधन ने शिकायत की थी। आरोपी के खिलाफ सबूत भी पुलिस को दिए गए थे। नौशाद का साथी रोहित भाग निकला, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने नौशाद के पास से 16 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि नौशाद चिनहट के टेढ़ी पुलिया इलाके में किराये पर रहता है। वह ट्रक चालक है। आरोपी एटीएम में रुपये निकालने वाली ट्राॅली में स्टिक चिपका देता था। इससे रुपये फंस जाते थे और बाहर नहीं निकलते थे। ग्राहक थोड़ी देर तक रुकने के बाद लौट जाते थे। इसके बाद आरोपी स्टिक हटाकर रुपये निकाल लेते थे। बैंक परिसर में लगे एटीएम बूथ में कई ग्राहक इसका शिकार हुए। पीड़ितों ने बैंक मैनेजर से इसकी शिकायत की। बैंक प्रबंधन ने बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो फर्जीवाड़े की जानकारी हुई।