पहचान छिपाकर युवती का शोषण करने का आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। पहचान छिपाकर युवती का यौन शोषण करने के आरोपी बहराइच के नाजारिपुरा निवासी जावेद खान को जानकीपुरम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पीड़िता पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया था।
एसीपी अलीगंज धर्मेंद्र रघुवंशी ने बताया कि शुक्रवार को जानकीपुरम की रहने वाली पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया गया। सर्विलांस की मदद से आरोपी चालक जावेद को चिनहट के कमता इलाके से गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट के सामने पेश किया गया, वहां से उसे जेल भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ समय पहले वह विकासनगर इलाके में किराये पर रहता था। इस दौरान उसकी पीड़िता से मुलाकात हुई थी। इस दौरान उसने अपने नाम अजय यादव बताया था। एसीपी ने बताया कि केस में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। विवेचना में अगर उनकी कोई भी भूमिका मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
यह है पूरा मामला
आरोपी जावेद ने युवती को प्यार के जाल में फंसा कर यौन शोषण किया। गर्भवती होने पर उनका गर्भपात करवा दिया। धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया था। विरोध पर आरोपी, उसकी पत्नी परवीन, दो सालों इरफान, शानू और जावेद के दोस्तों ने पीड़िता को धमकाया था। पीड़िता ने सोमवार को सभी के खिलाफ जानकीपुरम थाने में केस दर्ज कराया था।