लखनऊ। अमौसी-नादरगंज औद्योगिक क्षेत्र से रिंग रोड तक जाने वाली सड़क अब चौड़ी होगी। नादरगंज से सुनहरा रोड होते हुए रिंग रोड तक करीब 5.7 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है। उद्योग बंधु की बैठक में जिलाधिकारी विशाख जी ने संबंधित अधिकारियों को सड़क से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सड़क चौड़ी होने से औद्योगिक क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों को राहत मिलने की उम्मीद है।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में उद्यमियों ने अमौसी-नादरगंज और सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्र की खराब सड़कों का मुद्दा उठाया। उद्यमियों के मुताबिक सड़कों पर गड्ढे होने और बारिश के दौरान जलभराव से आवागमन प्रभावित होता है। इससे औद्योगिक इकाइयों तक कच्चा माल पहुंचाने और तैयार माल बाहर भेजने में भी परेशानी होती है।
अमौसी इंडस्ट्रीयल एरिया के रजत मेहरा ने अमौसी क्षेत्र की खराब सड़कों की समस्या उठाई। सीमा एसोसिएशन के महासचिव रीतेश श्रीवास्तव ने सरोजनीनगर की सड़कों की स्थिति से अधिकारियों को अवगत कराया। उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने की मांग की।
बैठक में सरोजनीनगर में जल निकासी की समस्या भी उठी। उद्यमियों ने बताया कि एनएचएआई की ओर से लखनऊ-कानपुर मार्ग के किनारे बनाए जा रहे ड्रेन का लेवल औद्योगिक क्षेत्र के ड्रेन से ऊंचा है। इससे पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। नगर निगम ने बताया कि ड्रेनेज व्यवस्था के विकास का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही सीएंडडीएस की ओर से काम शुरू किया जाएगा।
आंतरिक सड़कों के क्षतिग्रस्त होने के मामले में यूपीसीडा ने बताया कि एसटीपी की पाइपलाइन डालने के दौरान सड़कें खराब हुई हैं। डीएम ने सड़क रेस्टोरेशन पर होने वाले खर्च की जांच के लिए लोक निर्माण विभाग और जल निगम के अधिशासी अभियंताओं की संयुक्त समिति गठित की है। तालकटोरा औद्योगिक आस्थान में नाली निर्माण का काम शेष है। प्रभावित उद्यमियों की समस्याओं पर गठित समिति ने रिपोर्ट पेश की। डीएम ने रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई के लिए 15 अक्तूबर के बाद की तिथि निर्धारित करने के निर्देश दिए।
उद्यमी अशोक चावला ने सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्र में लखनऊ-कानपुर हाईवे से रास्ता देने की मांग रखी। डीएम ने इसके लिए उद्यमियों से लिखित आवेदन मांगा। बैठक में उपायुक्त उद्योग अभिजीत गौतम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मौजूद डीएम और उद्यमी।
बैठक में मौजूद डीएम और उद्यमी।