सहायक अध्यापक पद के लिए जारी की गई पर टीईटी पास प्रशिक्षु शिक्षकों की सूची में खामियों को लेकर मंगलवार सुबह प्रशिक्षु भड़क उठे।
प्रशिक्षुओं ने पटल बंद करवाकर नियुक्ति पत्र का वितरण रुकवा दिया। इसके बाद नारेबाजी करते हुए बीएसए को घेर लिया।
बीएसए के समझाने पर सभी ने प्रत्यावेदन भरा। करीब डेढ़ घंटे तक गहमागहमी के बाद फिर से ज्वाइनिंग लेटर बंटना शुरू हुआ।
प्राथमिक विद्यालयों में 3600 पदों पर भर्ती के लिए डायट परिसर पयागपुर में चस्पा की गई सूची में खामियां ही खामियां दिख रही हैं।
कला वर्ग के चयनित आवेदकों का नाम विज्ञान वर्ग में अंकित है। वहीं, मेरिट में पात्र होने के बावजूद सूची से कई आवेदकों के नाम नदारद हैं।
सूची में कमियां देख शुरू हुई नारेबाजी
मंगलवार सुबह 10 बजे के आसपास उप बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्रनाथ द्विवेदी ने डायट पहुंचकर नियुक्ति पत्र वितरण काउंटर खुलवाया।
जब नियुक्ति पत्र वितरण की शुरुआत होने जा रही थी, तभी दर्जनों की संख्या में टीईटी पास लोग भड़क उठे। सभी ने चस्पा सूची में बड़े पैमाने पर खामियां होने की बात कहते हुए शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
नियुक्ति पत्र वितरण के काउंटर भी बंद करवा दिए, जिससे अफरा तफरी मच गई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अमरकांत सिंह मौके पर पहुंचे तो सभी ने उनका घेराव कर प्रदर्शन किया।
सूची में खामियों से अवगत कराया। आवेदकों ने यह भी मांग कि तत्काल खामियों को दुरुस्त कराकर उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाए।
300 आवेदकों ने किया प्रत्यावेदन
बीएसए के आश्वासन पर आवेदकों ने प्रत्यावेदन भरकर जमा किया है। इसके बाद नियुक्ति पत्र का वितरण शुरू हो सका।
शिक्षा अधिकारी डॉ. अमरकांत सिंह ने बताया कि मंगलवार देर शाम तक 812 चयनित आवेदकों को प्रशिक्षु शिक्षक पद का नियुक्ति पत्र प्रदान कर दिया गया है।
बीएसए ने बताया कि 300 आवेदकों ने प्रत्यावेदन किया है। इन सभी का दावा है कि उनकी टीईटी मेरिट घोषित कट ऑफ मेरिट से अधिक है।
इसके बावजूद सूची से नाम गायब है। उन्होंने बताया कि जितने प्रत्यावेदन मिले हैं, उसके लिए अलग पटल स्थापित कर जांच शुरू करवा दी गई है।
अगर प्रत्यावेदन के दावे सही मिले तो सभी को बुलाकर नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। उप बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्रनाथ द्विवेदी ने बताया कि बुधवार से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर काउंटर स्थापित कर शेष प्रशिक्षु शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।