जांच वैन के जरिये इंदिरा नगर में लोगों को जागरूक करती एफएसडीए की टीम।
लखनऊ। खाद्य सुरक्षा जांच वैन के महीनों तक निष्क्रिय पड़े रहने की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया। मोबाइल जांच वैन की कमियों को आनन-फानन दुरुस्त करवाने के बाद मंगलवार से उसका संचालन शुरू कर दिया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) वीपी सिंह के निर्देशन में फूड सेफ्टी ऑन व्हील (जांच वैन) के माध्यम से इंदिरानगर स्थित लेखराज मार्केट और भूतनाथ मार्केट क्षेत्र में अभियान चलाया गया। टीम ने आसपास की दुकानों पर खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की और लोगों को घरेलू विधियों से मिलावट पहचानने के तरीके बताए। अभियान के दौरान पनीर, खोवा, रिफाइंड सोयाबीन तेल, पापड़, वेज बिरयानी और मसालों समेत कुल 35 नमूनों की जांच की गई। जांच में सौंफ और बिरयानी में रंग की मिलावट पाए जाने पर नमूने मानक अनुरूप नहीं मिले। मौके पर दुकानदारों को चेतावनी दी गई और आमजन को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने बताया कि जांच वैन में जो भी कमियां थी उसे दुरुस्त कराने के बाद संचालन शुरू किया गया है। होली तक जहां कहीं वैन की मांग होगी, वहां भेजी जाएगी। एक मार्च 2026 से रोस्टर जारी कर इसका संचालन किया जाएगा।
जांच वैन के जरिये इंदिरा नगर में लोगों को जागरूक करती एफएसडीए की टीम।