गोयल अपार्टमेंट में ड्यूटी कर रहे गनमैन रामपाल ने बताया कि तेंदुऐ जैसा दिखने वाला वन्यजीव लगभग पांच-सात फीट की दीवार फांदकर अपार्टमेंट परिसर में कूद गया। घटना की सूचना दोपहर बाद वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलने पर रेंजर एमएस यादव, एसडीओ जेएल गुप्ता समेत अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचे। टीम ने आसपास केइलाकों को खंगाला, लेकिन अंधेरा होने के चलते पगमार्क नहीं दिखे।
इस पर डीएफओ अवध मनोज कुमार सोनकर का कहना है कि चिनहट में एक अपार्टमेंट के पास के इलाकों में तेंदुआ देखे जाने की सूचना दोपहर में हमें मिली थी। दोपहर में ही रेंजर समेत स्टाफ की टीम रवाना की गई है। टीम को मुहैया कराई गई सीसीटीवी फुटेज में बृहस्पतिवार सुबह छह बजे के आसपास एक वन्यजीव दिख रहा है, पर फुटेज धुंधली है। ये लेपर्ड है या कुछ और अभी इस बारे में पुख्ता तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। हालांकि ये एक वन्यजीव ही है। हमने प्राणि उद्यान के विशेषज्ञों से इस बारे में मदद मांगी है। टीमें कॉबिंग कर शाम तक पगमार्क तलाश रही थीं, पर कोई निशान नहीं मिला। सुबह फिर टीमें जुटेंगी।