लखनऊ। टेंट, कैटरिंग, लाइट, फ्लॉवर व डीजे कारोबार से जुड़े व्यापारियों ने शनिवार को उत्तर प्रदेश टेंट कैटरर्स एंड डेकोरेटिंग वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले चिंतन बैठक की और व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाईं। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार ने सभी समस्याओं के लिए हर मोर्चे पर लड़ने और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
सर्वोदयनगर स्थित होटल में हुई बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी व लखनऊ के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। नो एंट्री की समस्या को लेकर कहा कि सहालग में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। सामुदायिक केंद्र को लीज पर उठाया जा रहा है, जो ठीक नहीं है। इससे टेंट व्यापारी को नुकसान हो रहा है। प्रस्ताव रखा गया कि सरकार जैसे हर व्यवसाय को बचाने में मदद करती है, वैसे ही हमारे व्यापार को भी मदद करे। अन्यथा की श्रेणी में हमारा व्यापार खत्म हो जाएगा। प्रदेश संरक्षक भूपेंदर सिंह, प्रदेश चेयरमैन पवन तलवार, प्रदेश महामंत्री नवीन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राजू, उपाध्यक्ष सोनू विंध्यवासिनी, उपाध्यक्ष हरियंत जैन, उपाध्यक्ष संजय, विनोद, लखनऊ अध्यक्ष कीर्ति चौधरी, महामंत्री ऋतिक जायसवाल, संगठन मंत्री महेश शर्मा आदि मौजूद रहे।