फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ में हिंसा के बाद फिर तनातनी, पुलिस ने खदेड़ा

Sat, 30 May 2015 11:52 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ के बाजारखाला में शुक्रवार देर शाम दो समुदायों में टकराव के बाद इलाके में तनावपूर्ण शांति का माहौल है। शनिवार सुबह से ही इलाके की दुकानें बंद रहीं। शुक्रवार शाम हालात काबू न कर पाने में असफल खाकी शनिवार को चाक-चौबंद नजर आई।
विज्ञापन


दोपहर करीब तीन बजे एक पक्ष ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए बाबूलाल चौराहा पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने फायरिंग करने वालों का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की। अफसरों ने समझाकर उन्हें शांत कराया।

देर शाम राम सिंह की डेरी और चट्टान इलाके में अराजक तत्व फिर हंगामा और शोरगुल मचाने लगे। इस पर घरों से पथराव शुरू हो गया। हालांकि, बात बढ़ने से पहले ही पुलिस मौके पर पहुंची और अराजक तत्वों को खदेड़ दिया। इससे कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात रहे।
विज्ञापन


मास्टर कन्हैयालाल रोड, शंकर दयाल रोड, बाबूलाल चौराहा, कंडहा तिराहा, हनुमान मंदिर तिराहा और गढ़ैय्या सहित चप्पे-चप्पे पर पुलिस, पीएसी और आरआरएफ के जवान नजर आए। आला अफसर हर एक घंटे में इलाके के हालात की रिपोर्ट लेते रहे।
Trending Videos

150 लोगों के खिलाफ गंभीर मामलों मे एफआईआर दर्ज

इस बीच एकाध जगह सजे चाय-पकौड़ी के खोमचों के इर्द-गिर्द लोग गुटों में खडे़ होकर तनाव के बारे में चर्चा करते रहे। बाजारखाला इंस्पेक्टर विकास पांडे की तरफ से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई थी।

डीआईजी आरके चतुर्वेदी ने बताया कि स्थानीय खुफिया इकाई के साथ ही पुलिस मित्र, विशेष पुलिस अधिकारियों को सक्रिय कर दिया गया है। अराजक तत्वों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

...तो सटोरियों से डीलिंग के चलते वक्त पर नहीं पहुंची पुलिस
शंकर दयाल रोड पर शुक्रवार दोपहर धार्मिक स्थल पर तेज आवाज में लाउड स्पीकर बजाने को लेकर जब दो समुदायों के बीच टकराव के हालात पैदा हो रहे थे, बाजारखाला पुलिस सटोरियों से डीलिंग में उलझी रही।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि सर्विलांस और डीआईजी रेंज की स्पेशल टीम भी थाना में हो रही डीलिंग में मौजूद थी।  इंस्पेक्टर बाजारखाला ने दीवान राघव को मौके पर भेजकर खानापूरी की। राघव ने इंस्पेक्टर को घटना की संवेदनशीलता बताई लेकिन वे मौके पर नहीं गए।

मामले पर नजर आई पुलिस की लापरवाही

शाम करीब पांच बजे एक समुदाय के लोग एकत्र होना शुरू हुए तो पार्षद आदिल ने भी इंस्पेक्टर को फोन किया। आदिल ने इंस्पेक्टर को बताया कि लोग जुट रहे हैं और बवाल हो सकता है।

इसके बाद भी इंस्पेक्टर ने एहतियाती कदम नहीं उठाया और सटोरियों से सौदेबाजी करते रहे। नतीजतन, रात करीब साढ़े आठ बजे इलाके में टकराव शुरू हो गया और हालात बेकाबू हो गए।

12-12 घंटे की शिफ्ट में लगाई पुलिस की ड्यूटी
सीओ कैसरबाग राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 12-12 घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। सुबह आठ से रात आठ बजे और फिर सुबह आठ बजे तक इलाके में तीन सीओ, छह इंस्पेक्टर, दो कंपनी पीएसी और आरआरएफ तैनात रहेगी। यह व्यवस्था हालात सामान्य होने तक रहेगी।

कामयाब नहीं हुई सुलह-समझौते की कोशिश

माहौल सामान्य करने के लिए इलाके के वरिष्ठ व गणमान्य नागरिक आगे आए और पुलिस के सहयोग से दोनों समुदाय के लोगों को बैठाकर समझाने की कोशिश की। हालांकि, रात तक इसमें सफलता नहीं मिल सकी थी।

घायल और तोड़फोड़ के शिकार छह लोगों ने दी तहरीर
पथराव में घायल पान दुकानदार मनीष ने बाजारखाला थाना में अराजक तत्वों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इलाके में स्थित एक मंदिर के पुजारी उदयराज द्विवेदी ने भी 10 लोगों पर अराजकता, उपद्रव व धमकाने का आरोप लगाते हुए एसएसपी ऑफिस में प्रार्थनापत्र दिया है।

घायल जाहिद के अलावा मुन्ना टेलर, मारुख, अकील ने भी दुकान व वाहन क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाते हुए प्रार्थनापत्र दिए हैं। सीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि एफआईआर दर्ज करने के लिए कई प्रार्थनापत्र मिले हैं जिनका परीक्षण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षण के बाद सभी तहरीरों पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
विज्ञापन

सिविल डिफेंस ने भी संभाली कमान

इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिविल डिफेंस भी सक्रिय हो गई है। डिवीजनल वार्डन संजय जौहर ने बताया कि पोस्ट वार्डन विजय गुप्ता, इमरान, मो. अली, गणेश प्रसाद, सुनील धवन सहित 40 लोगों की कमेटी इलाके की एक-एक गतिविधि पर नजर रखने और लोगों को समझाकर अफवाहों को रोकने के लिए लगाई गई है।

सामूहिक विवाह में जा रहे दूल्हे फंसे, इंतजार करती रही दुल्हनें
ऐशबाग रामलीला मैदान में शनिवार रात आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में जाने के लिए तैयार 25 दूल्हे इलाके में तनाव के चलते फंस गए।

दुल्हनें इंतजार में बैठी रहीं। दूल्हों को विलंब होते देख आयोजकों ने पुलिस से संपर्क किया। सीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तनावग्रस्त इलाके से दूल्हों को निकालकर रामलीला मैदान पहुंचाया गया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें