रूट निर्धारण न होने से नाराज हो एआटीओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन करतें टेंपो व ई रिक्शा चालक।
श्रावस्ती। एआरटीओ कार्यालय के सामने शुक्रवार को टेंपो चालकों ने प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने पीटीओ को मांग पत्र सौंपकर मार्ग निर्धारण करने की मांग की। चेतावनी दी कि अगर मांग पूरी न हुई तो फिर प्रदर्शन करेंगे।
टैंपो चालकों ने मदन लाल के नेतृत्व में पीटीओ महेश कुमार वर्मा को मांग पत्र सौंपा। जिसमें टेंपो चलाने के लिए मार्ग निर्धारित करने की मांग की। मदन लाल ने बताया कि मार्ग निर्धारित न होने से सवारियां बैठाने के दौरान कई बार अन्य वाहन मालिकों से तकरार हो जाती है। वहीं परिवहन विभाग व पुलिस चालान भी काट देती है। टैंपो चालक लाल मोहम्मद ने मांग की कि पेट्रोल पंप व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर टैंपो के लिए चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएं जिससे वाहन चार्ज करने में सुविधा हो। इस मौके पर राजेश कुमार, जनक राम, तेजराम व रमेश वर्मा आदि चालक मौजूद रहे।