इकौना नगर में पटरी पर लगी दुकान, मार्ग पर ठेले से लगा जाम।
इकौना (श्रावस्ती)। इकौना नगर में चाहे मुख्य मार्ग हो या फिर बाजार हर जगह अतिक्रमण का बोलबाला है। इससे लोगों का चलना मुश्किल हो रहा है लेकिन जिम्मेदार इस पर अंकुश लगाने में सफल होते नजर नहीं आ रहे हैं।
इकौना नगर के बाजारों में दुकान करने वाले दुकानदार अपनी दुकान का सामान मार्ग की पटरियों पर सजा देते हैं जबकि मार्ग के किनारे पटरी दुकानदार अपना कब्जा जमाए हुए हैं। इससे अक्सर आवागमन प्रभावित हो रहा है। दिन में कई बार जाम की स्थिति पैदा भी पैदा हो जाती है। जिम्मेदार इन अतिक्रमणकारियों पर अंकुश लगाने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठा रहे हैं। हालांकि पुलिस यदा कदा डंडा जरूर फटकारती है लेकिन दूसरे दिन पुन: बाजार की सड़क अतिक्रमण से सकरी हो जाती है। ऐसे में नगरवासियों ने डीएम व एसपी से हस्तक्षेप कर अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।