डीह (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के अन्तर्गत एक गांव में युवक ने घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म किया। इसपर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने रात में गांव पहुंचकर घटना पर आक्रोश जाहिर किया। मामले में मुकदमा दर्ज कर किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले में डीएनए जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
पीड़ित किशोरी ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि बृहस्पतिवार की शाम को परिवार के लोग प्रतापगढ़ निमंत्रण में गए थे। वह घर में अकेली थी। तभी गांव के ही युवक राजेश ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे पीटा। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर डीएनए जांच की कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं, आरोपी के परिजन पुरानी रंजिश में राजेश को फंसाने का आरोप लगा रहे हैं।