काकोरी। दुबग्गा स्थित जेहटा के एक गांव के 17 वर्षीय किशोर पर आरोप है कि उसने 13 वर्षीय कक्षा-6 की छात्रा को फोटो वायरल करने व जान से मारने की धमकी देकर अपने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रविवार देर शाम रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी किशोर को पकड़ लिया। सोमवार को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
एसएसआई राकेश पटेल के अनुसार, घटना 31 मार्च की रात की है। परिवार के सभी सदस्य गेहूं काटकर खेत से करीब 11:30 बजे घर लौटे। खाना खाने के बाद सभी सो गए। रात करीब ढाई बजे होटल में काम करने वाला पीड़िता का भाई घर पहुंचा तो उसने बहन को कमरे में नहीं पाया। करीब एक घंटे बाद छात्रा डरी-सहमी हालत में घर लौटी और परिजनों को आपबीती बताई। किशोरी के अनुसार, कुछ दिन पहले स्कूल से लौटते समय आरोपी ने उसके साथ जबरन फोटो खींच ली थी और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। इसी दबाव में उसने रात में अपने घर बुलाया और दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है।