पुलिस ने टैंपो-ऑटो में फूहड़ गाने बजाकर छेड़खानी पर कसा शिकंजा
सड़क की गुंडई खत्म करने के अभियान में पुलिस ने टैंपो-ऑटो में फूहड़ गाने बजाकर छेड़खानी पर शिकंजा कसा है।
महिला सशक्तीकरण माह में अभियान के पहले दिन पुलिस ने सात सौ टैंपो, ऑटो और ई-रिक्शा से म्यूजिक सिस्टम उतरवाने के साथ चालान किए और 22 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि विभिन्न मार्गों पर टैंपो, ऑटो व ई-रिक्शा में तेज आवाज में फूहड़ गाने बजाकर महिलाओं से छेड़खानी की शिकायत मिली थी।
बताया गया कि महिला के सवार होने पर चालक द्वारा म्यूजिक सिस्टम की आवाज बढ़ाने के साथ वाहन भी तेजरफ्तार से दौड़ाया जाता है।
महिलाओं के साथ बुजुर्ग व बच्चों को भी तेज आवाज में गाने बजाए जाने से परेशानी हो रही थी। इसके चलते सभी थाना प्रभारियों को टैंपो, ऑटो व ई-रिक्शा की चेकिंग कर म्यूजिक सिस्टम उतरवाने के आदेश दिए गए।
पुलिसकर्मियों ने टैंपो, ऑटो व ई-रिक्शा स्टैंड पर जाकर चालकों को हिदायत दी। इसके बाद विभिन्न मार्गों पर नाकाबंदी करके चेकिंग की गई।
जिले भर में चले अभियान में तीन हजार टैंपो, ऑटो व ई-रिक्शा की चेकिंग की गई। इनमें सात सौ में म्यूजिक सिस्टम लगा था। म्यूजिक सिस्टम उतारने के साथ वाहन का चालन और चालक को सख्त हिदायत दी गई।