सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने प्रशिक्षु शिक्षकों का रिजल्ट घोषित कर दिया है। इसमें 43,077 पास घोषित किए गए हैं। परीक्षा में 31 फेल हुए हैं, जबकि 31 का रिजल्ट अपूर्ण है।
सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी नीना श्रीवास्तव ने इसकी सूचना सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भेज दी है।
उत्तीर्ण होने वाले प्रशिक्षु शिक्षकों को सहायक अध्यापक के पद पर तैनाती देने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर प्रदेश में प्राइमरी स्कूलों में 72,825 प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। छह माह का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 43,179 प्रशिक्षु शिक्षकों ने परीक्षा फॉर्म भरे।
इनमें से 24 व 25 अगस्त को प्रदेश के 130 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 43,139 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा में 40 गैरहाजिर रहे।
विभागीय जानकारों की मानें तो शेष बचने वाले प्रशिक्षु शिक्षकों की परीक्षा अक्तूबर के तीसरे सप्ताह में करने की तैयारी है।