लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने कहा कि किसी भी संस्थान के लिए सबसे जरूरी वहां के शिक्षकों का नई तकनीकी में खुद को अपग्रेड रखना। तभी उनकी सार्थकता बनी रहेगी। वर्तमान में साइबर सिक्योरिटी, एआई, क्रिप्टोग्राफी का दखल जीवन के हर क्षेत्र में है। इसलिए इनके बारे में जानना खासकर शिक्षकों को बेहद जरूरी है।
वे मंगलवार को इनोवेशन हब एवं इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और आईएसईए के संयुक्त तत्वावधान में पांच दिवसीय फैकेल्टी अपडेशन प्रोग्राम का शुभारंभ कर रहे थे। प्रो. पांडेय ने कहा कि एआई अपने तीसरी पीढ़ी में है। इसके प्रयोग पर फायदा और नुकसान निर्भर करता है। इसी तरह साइबर सिक्योरिटी का सीधा असर लोगों के जीवन पर है। इसलिए खतरे भी ज्यादा हैं।
वहीं क्वॉन्टम कम्प्यूटिंग भविष्य में अहम भूमिका निभाएगा। विश्वविद्यालय ने माइनर कोर्स के तौर पर बीटेक में इसे शुरू किया है। ताकि छात्र इसमें अभी से तैयार हो सकें। प्रतिकुलपति प्रो. राजीव कुमार ने कहा कि साइबर सुरक्षा आज के दौर की सबसे जरूरी चीज है। क्योंकि हमारी जीवनशैली ऑनलाइन माध्यमों से होकर गुजर रही है। ऐसे में इसकी सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती है। डीन इनोवेशन प्रो. बीएन मिश्रा ने कहा कि एकेटीयू में एआई से लेकर क्रिप्टोग्राफी, साइबर सिक्योरिटी और क्वॉन्टम कम्प्यूटिंग तकनीकी में प्रशिक्षण की पहल की जा रही है।
इससे यहां के शिक्षक और छात्र इन क्षेत्रों में कौशल हासिल कर सकें। इस कार्यशाला में पांच दिनों के दौरान विशेषज्ञ नई तकनीकी क्वॉन्टम कम्प्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, क्रिप्टोग्राफी व एआई पर शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। उद्घाटन कार्यक्रम में एसोसिएट डीन इनोवेशन डॉ. अनुज कुमार शर्मा, डॉ. उपेंद्र कुमार, इनोवेशन हब के सीईओ डॉ महीप सिंह, सीआईओ वंदना शर्मा, डॉ. गौरव मिश्रा, प्रो. पुनीत मिश्रा और विजय कुमार झिंगरन आदि उपस्थित थे।