डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा से बीएड के फर्जी अंकपत्र पर बेसिक शिक्षा विभाग में नौकरी कर रहे 4570 शिक्षक हटाए जाएंगे। फर्जी अंकपत्र मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्णय के बाद विभाग के अपर सचिव राजप्रताप सिंह ने परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत इन शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई निर्देश दिए हैं।
शैक्षिक सत्र 2004-05 में इस विवि के टेबुलेशन चार्ट में विभिन्न कॉलेजों के बीएड कोर्स में प्रवेश लेने वाले के सापेक्ष 3517 विद्यार्थियों का अधिक परिणाम जारी किया गया। वहीं, 1053 विद्यार्थियों के अंकपत्र में हेराफेरी की गई। इस तरह कुल 4570 विद्यार्थियों को विवि से फर्जी अंकपत्र वितरित की गई।
इन विद्यार्थियों ने अंकों के आधार पर बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर नियुक्ति प्राप्त की। इसका खुलासा होने पर एसआईटी और विवि के स्तर पर जांच हुई। आरोप सही पाए जाने पर कुछ अभ्यर्थियों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की। इस पर कोर्ट ने विभाग को 4570 शिक्षकों को हटाने के निर्देश दिए।