फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फावड़ा थमाकर बच्चों से सफाई कराने वाली शिक्षिका निलंबित

विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। ग्रीष्मावकाश के बाद पहली जुलाई को स्कूल खुला तो कई जगहों पर शिक्षकों की मनमानी उजागर हुई थी। पहले से व्यवस्था दुरुस्त करने के दिशा-निर्देश के बाद भी स्कूल खुलने पर नौनिहालों से मजदूरों की तरह काम कराया गया। ऐसे ही दो बड़े मामले सामने आए थे। शिवगढ़ में बच्चों से किताबों के बंडल की ढुलाई कराने के मामले की खबर के साथ ही ऊंचाहार में फावड़े थमाकर सफाई कराने के प्रकरण को भी ‘अमर उजाला’ ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
विज्ञापन

दोनों ही मामलों को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। शिवगढ़ के मामले में दूसरे ही दिन कार्रवाई कर दी गई थी, जबकि ऊंचाहार क्षेत्र के मामले में अब कार्रवाई हुई है। ऊंचाहार क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मलकाना में पहले से व्यवस्था दुरुस्त न किए जाने के कारण नौनिहालों को ही साफ-सफाई करनी पड़ी थी।
एक महीने बाद खुले स्कूल में गंदगी दूर करने के लिए अध्यापकों ने बच्चों के हाथों में ही फावड़ा थमा दिया था। स्कूल खुलने पर पहले दिन 50 बच्चों में से 15 बच्चे स्कूल आए थे। जब बच्चे स्कूल पहुंचे तो अध्यापकों ने उन्हें फावड़ा थमाते हुए घास-कूड़ा आदि साफ करने की जिम्मेदारी सौंप दी थी।
विज्ञापन

सुबह 8 बजे से विद्यालय पहुंचे बच्चे दोपहर 11.30 बजे तक फावड़ा लेकर साफ-सफाई में लगे रहे। मजदूरों की तरह कुछ बच्चे फावड़ा चला रहे थे तो कुछ बच्चे खुरपा लिए थे, जबकि कुछ बच्चे झाड़ू थामे हुए विद्यालय परिसर की सफाई कर रहे थे। बीईओ ऊंचाहार से मामले की सच्चाई पता कराने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पीएन सिंह ने प्राथमिक विद्यालय मलकाना की इंचार्ज हेडमास्टर रश्मि श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया है। बीएसए ने बताया कि शिक्षिका को बीईओ दफ्तर से संबद्ध कर दिया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी पीएन सिंह ने भी गुरुवार को सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर दिया है। उन्होंने कहा है कि शिक्षकों से वेतन बिल संबंधी कार्य कदापि न लें। यदि किसी भी विकास क्षेत्र से इस तरह की शिकायत मिलेगी तो संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बीईओ को भी इस मामले में उत्तरदायी माना जाएगा। बीएसए ने बेसिक शिक्षा की वित्त एवं लेखाधिकारी को भी आवश्यक कार्यवाही के लिए पत्र की प्रति भेजी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें