बख्शी का तालाब। नगर पंचायत कार्यालय के पीछे बुधवार की सुबह लगभग साढ़े नौ बजे युवक ने घर में घुसकर शिक्षिका, उनके पति व ससुर पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। पड़ोसियों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बख्शी का तालाब इंटर कॉलेज में तैनात सहायक अध्यापिका कविता उपाध्याय पति सत्य प्रकाश और ससुर ब्रह्मानंद उपाध्याय के साथ नगर पंचायत कार्यालय के पीछे मकान बनाकर रहती हैं। सत्य प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि बुधवार की सुबह एक युवक हाथ में चाकू लेकर उनके घर में घुस आया। वह सीधे पत्नी कविता उपाध्याय के कमरे में पहुंच गया। वहां पर उसने चाकू से कविता पर वार कर दिया। शोर सुनकर वह और पिता कमरे में पहुंचे। दोनों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने चाकू से वार कर उन्हें भी घायल कर दिया। कविता ने बताया कि उनके सिर और हाथ में चोट आई है।
प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि शिक्षिका की शिकायत पर आरोपी राजू शुक्ला निवासी रामगढ़ पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी ने हमला क्यों किया इसका पता लगाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।