बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनुपमा जायसवाल ने कहा है कि सरकार बेसिक स्कूलों में वार्षिक मरम्मत के मद की रकम 7500 रुपये से बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने पर विचार करेगी।
विधानसभा में कांग्रेस सदस्य अदिति सिंह के सवालों का जवाब में उन्होंने यह आश्वासन दिया। अदिति ने सवाल किया था कि प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के भवन मरम्मत व पुताई तथा अन्य शिक्षण सामग्री खरीद के लिए प्रतिवर्ष कितनी धनराशि दी जाती है?
क्या जर्जर सरकारी विद्यालयों की मरम्मत के लिए इस रकम को बढ़ाने पर सरकार विचार करेगी? मंत्री ने बताया कि विद्यालयों की रंगाई-पोताई व छोटी-छोटी मरम्मत के लिए प्रति वर्ष 7500 रुपये देती है।
यह रकम केंद्र सरकर द्वारा तय मानक पर दी जाती है। उन्होंने फिलहाल धनराशि बढ़ाने के किसी प्रस्ताव से इनकार किया। उन्होंने अनुपूरक सवाल के जवाब में आश्वासन दिया कि सरकार केंद्र सरकार को यह रकम बढ़ाने का प्रस्ताव भेजने पर विचार करेगी।