नगर विकास मंत्री आजम खां के ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर विश्वविद्यालय को एक और बड़ी राहत देने के लिए शैक्षिक संस्थाओं का सहारा लिया जा रहा है। यह राहत इस बार टैक्स डिडेक्टेड एट सोर्स (टीडीएस) कटौती से छूट देने के रूप में दी जा रही है।
वाणिज्य कर विभाग ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इसे जल्द ही कैबिनेट से मंजूरी दिलाने की तैयारी है। इसके बाद शैक्षिक संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और प्रशिक्षण केंद्रों को टीडीएस कटौती के दायरे से बाहर कर दिया जाएगा।
उप्र मूल्य संवर्धित कर अधिनियम (वैट) की धारा 34 में माल के बिक्री पर टैक्स कटौती की व्यवस्था है। इसके आधार पर शैक्षिक संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और प्रशिक्षण केंद्रों के निर्माण के लिए खरीदे जाने वाले सामानों चार प्रतिशत टीडीएस कटौती होती है।
इसलिए इनके निर्माण की लागत बढ़ जाती है। रामपुर में आजम खां के ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर विश्वविद्यालय का निर्माण चल रहा है। इसके लिए आने वाले माल पर भी टीडीएस कटौती लागू होती है। यह कटौती उन्हें अखर रही है।