एनआईए अधिकारी तंजील अमहद की हत्या के मामले में पूर्व में हिरासत में लिए गए रेहान व जैनुल आबदीन उर्फ जैनी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
देर रात पुलिस ने हत्याकांड के मास्टर माइंड मुनीर और उसके फैजाबादी साथी सऊद की घेराबंदी कर ली है। इस सनसनीखेज हत्याकांड का उच्च पुलिस अधिकारी मंगलवार को औपचारिक खुलासा कर सकते हैं।
दरअसल सोमवार को मुनीर के दो साथी एवं रिश्तेदारों के बिजनौर कोर्ट में 164 के बयान दर्ज कराए जा चुके हैं। इस केस को फूलप्रूफ बनाने के लिए पुलिस किसी तरह के साक्ष्य और सबूत में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरत रही है, लिहाजा इन्हें सरकारी गवाह बनाकर इस मुकदमे की लिखा-पढ़ी की जा रही है।
उधर, पुलिस ने बीते दिनों बिजनौर के धामपुर में हुई 91 लाख की बैंक लूट में भी मुनीर और उसके साथी सऊद को वांछित दर्शा दिया है। फिलहाल पुलिस के आला अफसर इतना ही स्वीकार कर रहे हैं कि मुनीर की तलाश में बिजनौर पुलिस के अलावा एसटीएफ व एटीएस की टीमें विभिन्न जगहों पर दबिश दे रही हैं और जल्दी ही उसके हाथ में आने की संभावना है।