हजरतगंज पहुंचीं अपर्णा पुरोहित (फाइल फोटो)
- फोटो : amar ujala
अमेजन प्राइम इंडिया की कंटेंट हेड अपर्णा पुरोहित से ताडंव वेब सीरीज के मामले में सोमवार को हजरतगंज कोतवाली में दोबारा पूछताछ हुई। एसआईटी ने ढेर सारे सवाल किए। करीब दो घंटे हुई पूछताछ के दौरान में कोई बड़ा पुलिस अधिकारी मौजूद नहीं था। इससे पहले अपर्णा से 23 फरवरी को यहां पूछताछ हो चुकी है। उस समय वह कई सवालों के जवाब नहीं दे सकी थीं।
हजरतगंज थाने में पूछताछ के दौरान अपर्णा की वकील भी विवेचना सेल में मौजूद रहीं। प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला के मुताबिक अभी अपर्णा से कुछ और सवाल किए जाने शेष हैं। इसके लिए जल्द नोटिस जारी कर उन्हें बुलाया जाएगा। उम्मीद की जा रही है अगली पूछताछ के दौरान कोई न कोई बड़े अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
गौरतलब है कि जनवरी में रिलीज हुई वेब सीरीज तांडव में कई विवादित दृश्य थे। इसके चलते लखनऊ समेत कई शहरों में धरना-प्रदर्शन किए गए थे। इसी को लेकर हजरतगंज थाने में तैनात एसएसआई अमरनाथ यादव ने 18 जनवरी को एक मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें अमेजन प्राइम की इंडिया कंटेंट हेड अपर्णा पुरोहित, डायरेक्टर अली अब्बास, प्रोड्यूसर हिमांशु कृष्ण मेहरा और लेखक गौरव सोलंकी सहित पांच को समाज में दुर्भावना फैलाने का आरोपी बनाया गया है।