लखनऊ। बिना कारण निलंबन और अन्य मांगों को लेकर ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सचिव दूसरे दिन बुधवार को भी विकास भवन में धरने पर डटे रहे। उप निदेशक और डीपीआरओ से वार्ता बेनतीजा रही।
ग्राम पंचायत अधिकारी संघ एवं ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के बैनर तले विकास भवन में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार एवं धरने पर बैठे पंचायत सचिवों का कहना है कि बख्शी का तालाब ब्लॉक की ग्राम पंचायत कठवारा में बन रहे पंचायत उत्सव भवन के मामले में पंचायत सचिव को निलंबित किया गया, जबकि इस कार्य में उनकी कोई भूमिका नहीं है। पूर्व में भी एक ग्राम पंचायत अधिकारी और एक ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित किया गया था। इनकी बहाली के साथ ही गेटवे से भुगतान, प्रतिकूल प्रविष्टि व वेतन रोकने की कार्रवाई निरस्त की जाए। ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष ललित कुमार गौतम ने बताया कि दोपहर में उप निदेशक शाश्वत आनंद और डीपीआरओ से वार्ता की गई लेकिन कोई हल नहीं निकला। कार्य बहिष्कार जारी है।