मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सुनिश्चित किया जाए कि मरीजों को कोई दिक्कत न हो। सीएम ने कोविड अस्पतालों में दवा और ऑक्सीजन की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री मंगलवार को लोक भवन में एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हाई रिस्क ग्रुप के अधिक से अधिक टेस्ट किए जाएं। उन्होंने कहा कि केजीएमयू को स्वास्थ्य विभाग के अस्पतालों और एसजीपीजीआई को चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा संस्थानों से वर्चुअल आईसीयू के माध्यम से जोड़ा जाए। इससे गंभीर रोगियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से बेहतर इलाज मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-संजीवनी एप के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही ओपीडी सुविधा काफी उपयोगी सिद्ध हो रही है। ई-संजीवनी एप का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। लखनऊ व कानपुर नगर में विशेष ध्यान देते हुए रिकवरी दर को बेहतर बनाया जाए। इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह और मुख्य सचिव आरके तिवारी समेत सभी संबंधित अफसर मौजूद रहे।