बसपा सुप्रीमो मायावती की प्रेस कांफ्रेंस के कुछ ही देर बाद दयाशंकर की पत्नी स्वाती सिंह ने मायावती पर पलटवार किया। उन्होंने एक निजी चैनल से बातचीत में मायावती से सवाल कर डाला कि वो बताएं कि उन्होंने महिलाओं व दलितों के लिए क्या किया साथ ही उन्होंने लोगों से मायावती का सोशल बायकाट करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि दयाशंकर पर भाजपा ने कार्रवाई की, अब मायावती खुद बताएं कि उन्होंने बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी व अन्य कार्यकर्ताओं पर क्या कार्रवाई की? स्वाती ने कहा कि वो संसद में है तो क्या जो मर्जी आएगी वो करेंगी।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि मायावती खुद बताएं कि उन्होंने दलितों के लिए अब तक क्या किया। आक्रोश भरे लहजे में स्वाती ने कहा कि मायवती अपने कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन का वीडियो देखें और फिर उन्हें पता चल जाएगा।
स्वाती सिंह ने सफाई देते हुए कि मैं किसी भी राजनीतिक दल से नहीं हूं, मैं महिला सम्मान की लड़ाई लड़ रही हूं। मुझे बसपा के अलावा हर कोई समर्थन दे रहा है। भाजपा से लोग मेरा नाम इसलिए जोड़ रहे हैं क्योंकि मेरे पति भाजपा में हैं।