एक तरफ, हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने 84 कोसी परिक्रमा पर रोक लगा दी है, तो दूसरी तरफ स्वामी चिन्मयानंद ने विवादास्पद बयान दे डाला है।
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि राज्य सरकार चाहे गोली मारे या फिर गिरफ्तारी करे, परिक्रमा किसी भी हाल में नहीं रुकेगी।
उन्होंने कहा कि साधु-संत किसी भी हालत में इस परिक्रमा को अंजाम देकर ही रहेंगे। उन्होंने राज्य सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि आजम खां के कहने पर ही यह रोक लगाई गई है।
चिन्मयानंद ने कहा, 'अखिलेश का बचपना प्रदेश पर भारी पड़ रहा है और मुलायम सिंह एक बार फिर रामजन्मभूमि जैसे हालात पैदा कर रहे हैं।'
इतना ही नहीं, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने भी पूरे प्रदेश्ा में सुरक्षा इंतजाम को पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। मैनपुरी, मुगलसराय और कानपुर से भारी तादाद में साधु-संतों को गिरफ्त में लिया गया है। ये सभी अयोध्या कूच कर रहे थे।
इसके अलावा, डीएम के मुताबिक अयोध्या में धारा 144 लगा दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि आम नागरिक पर कोई रोक नहीं है। यह कानून सिर्फ साधु-संतों के लिए है।
इस दौरान, अयोध्या के घाट भी सूने पड़ गए हैं और मिल रही सूचनाओं के मुताबिक आम आदमी भी दहशत में है।