लखनऊ। विभूतिखंड में एसयूवी सवार सुनील मौर्या को दो परिचितों ने लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने भागकर अपनी जान बचाई। सुनील मौर्या ने विभूतिखंड थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
सुल्तानपुर के धनपतगंज निवासी सुनील मौर्या ने पुलिस को बताया कि उनका इलाके के ही नितेश पटवा और अन्नद से पुराना विवाद चल रहा है। 26 दिसंबर की रात करीब 12:20 बजे वह विभूतिखंड में समिट बिल्डिंग के पास अपनी एसयूवी में बैठे थे। आरोप है कि तभी नितेश और अन्नद वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों ने एसयूवी से उन्हें बाहर खींच लिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। बचने के लिए वह समिट पुलिस चौकी में घुस गए। इस दौरान आरोपियों ने उनकी एसयूवी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और मौके से भाग गए। पुलिस ने पीड़ित को लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां सिर में पांच टांके लगाए गए। शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। दो दिन के इलाज के बाद सुनील मौर्या ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इंस्पेक्टर अमर सिंह के अनुसार, घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश में दो टीमें गठित की गई हैं।