लखनऊ। सरिया चोरी के झूठे मामले में चार बेगुनाहों को जेल भेजने वाले आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ निलंबन की रिपोर्ट शनिवार को डीसीपी साउथ ने भेजी दी है।
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि केस में आरोपी पुलिसकर्मी बहराइच में तैनात इंस्पेक्टर क्राइम प्रहलाद सिंह, दरोगा संतोष कुमार, राजेश कुमार, दिनेश कुमार के निलंबन की संस्तुति रिपोर्ट एसीपी बहराइच और लखनऊ पुलिस लाइन के दरोगा आलोक कुमार सिंह के निलंबन की रिपोर्ट पुलिस आयुक्त लखनऊ को भेजी दी गई है। सभी के निलंबन के साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू हो जाएगी।
असल में सरिया चोरी के झूठे मामले में चार बेगुनाहों बंथरा निवासी लालता सिंह, विकास गुप्ता, डाला चालक दर्शन जाटव और कल्लू यादव को फर्जी ढंग से जेल भेजने वाले बंथरा थाने में तैनात रहे तत्कालीन इंस्पेक्टर क्राइम और चार दरोगाओं के खिलाफ पीजीआई थाने में झूठे साक्ष्य गढ़ने, साजिश रचने और अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। रिपोर्ट एंटी करप्शन में तैनात इंस्पेक्टर नुरूल हुदा खान ने दर्ज कराई थी। झूठे आरोप में जेल भेजे गए पीड़ित बंथरा के पहाड़पुर निवासी पूर्व बीडीसी सदस्य रंजना सिंह के पति लालता सिंह ने शासन में शिकायत की थी। शिकायत के बाद मामले की जांच एंटी करप्शन को दी गई और पुलिस वालों के खेल का खुलासा हुआ।