लखनऊ। ट्रेनों में शिकायतों की सुनवाई न होने से यात्री परेशान हैं। गोरखपुर से तिरुवनंतपुरम जाने वाली 12511 राप्तीसागर एक्सप्रेस की जनरल बोगी के फर्श पर शौचालय का पानी बहने की शिकायत आई है। इस दुर्गंध से यात्रियों का बैठना मुहाल हो गया है।
यात्री नीरज सिंह ने शिकायत की कि शौचालय ब्लॉक होने के चलते पानी बोगी तक पहुंच गया। यात्रियों का सामान भीग गया। गंदे पानी की बदबू से भी परेशानी हुई। सफाई के लिए कोई सुन नहीं रहा है। वहीं, 15044 काठगोदाम-लखनऊ एक्सप्रेस के एक यात्री ने स्लीपर कोच के शौचालय और वॉश वेसिन में गंदगी की शिकायत की है। इससे कुछ यात्रियों को उल्टियां भी हुईं। यात्री हरीश कुमार ने ट्रेन नंबर 22418 महामना एक्सप्रेस की थर्ड एसी बोगी बी-5 में पानी न आने की शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।