दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार को साउथ अफ्रीका से लौटते ही संदिग्ध आतंकी मैजुअल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी था। मॉड्यूल से जुड़े दो संदिग्ध आतंकी अभी भी विदेश में हैं। वह दोनों सऊदी अरब में हैं। उनकी भी गिरफ्तारी के लिए प्रक्रिया जारी है।
एटीएस ने दो अप्रैल को राजधानी लखनऊ से संदिग्ध आतंकियों के मॉड्यूल का खुलासा किया था। मेरठ निवासी साकिब, अरबाब और गौतमबुद्धनगर के लोकेश व विकास को गिरफ्तार किया था। एटीएस की तफ्तीश में खुलासा हुआ था कि पिछले साल नवंबर में इंस्टाग्राम लाइव का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एके-47 और हैंड ग्रेनेड का प्रदर्शन किया गया था।
लुक आउट सर्कुलर जारी था
वीडियो में साकिब के अलावा दुबई में बैठे आकिब, आजाद, बिजनौर निवासी मैजुअल व अन्य लोग भी थे। इस केस में बिजनौर पुलिस फाइनल रिपोर्ट लगा चुकी थी। जब एटीएस ने खुलासा किया तो वह पुराना केस फिर से खोला गया। इसके बाद उवैद मलिक, जलाल हैदर और समीर को जेल भेजा गया था। मैजुल साउथ अफ्रीका में था। मैजुल, साकिब व आजाद के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किए गए थे।
जल्द सभी आरोपी गिरफ्त में होंगे
एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर मैजुल के पहुंचते ही उसकी गिरफ्तारी की गई। बिजनौर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पूछताछ में उसने आकिब के संपर्क में होने की बात स्वीकारी है। अब केस से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द सभी गिरफ्त में होंगे।