लखनऊ। दाल के दामों में उबाल और आटा-चावल के बढ़ते भाव से रसोई का बजट बिगड़ गया है। एक माह में अरहर की दाल के दाम 20 से 25 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। 40 से 45 रुपये प्रति किलो वाला चावल 62 रुपये में बिक रहा है। इस महंगाई के पीछे परिवहन भाड़ा में बढ़ोतरी, आवक की कमी को कारण बताया जा रहा है।
आदर्श व्यापार मंडल नरही के महामंत्री अनिल अग्रवाल ने बताया कि आटा, दाल और चावल के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दो माह में इनके दामों में कई बार इजाफा हुआ। पिछले एक माह में अरहर की दाल के थोक दाम 120 से बढ़कर 145 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। चना, मूंग, उड़द और उड़द की धुली दाल के दाम भी बढ़े हैं। चने की दाल 95 से 98 रुपये प्रति किलो बिक रही है। एक माह पूर्व इसकी कीमत 80 रुपये प्रति किलो थी। देशी चना भी महंगा हो गया है।
मंसूरी 15, बासमती के बढ़े 20 रुपये
चावल के दाम सबसे तेज गति से बढ़ रहे हैं। व्यापारी अनिल अग्रवाल ने बताया कि मंसूरी चावल के थोक दाम 60 के 62 रुपये किलो पहुंच गए हैं। एक माह में करीब 15 रुपये का उछाल आया है। 70 से 80 रुपये में बिकने वाला बासमती चावल 95 रुपये प्रति किलो है। 13 सौ से 1,350 रुपये का मिलने वाला 50 किलो आटा अब थोक में 1,560 रुपये का मिल रहा है। मैदे की बोरी पर भी करीब 150 रुपये बढ़ गए हैं।
खाद्य पदार्थों की कीमतों में उछाल
खाद्य पदार्थ थोक दाम (पहले) थोक दाम (अब) फुटकर दाम (अब)
अरहर दाल 120 145 - 150-152
चना 80 95 - 100-105
मूंग 110 125 - 130-132
उड़द (हरी) 120 145 - 150-155
उड़द (काली) 110 135 - 140-150
चावल
मंसूरी 40-45 60-62 70-75
बासमती 70-75 95-97 100-120
शक्कर चीनी 50 70 75-80
शांभा 28 34 40-45