सुन्नी वक्फ बोर्ड अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मद्देनजर मंगलवार को लखनऊ में एक बैठक करेगा। ऐसी खबरें चल रही हैं कि फैसले के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दायर करने को लेकर बोर्ड के सदस्यों के बीच मतभेद है।
वक्फ बोर्ड के चेयरमैन जुफर फारूकी ने सोमवार को कहा कि 26 नवंबर को होने वाली बैठक में सदस्य इस बात पर भी चर्चा कर सकते हैं कि मस्जिद निर्माण के लिए जमीन लेनी है या नहीं।
सुन्नी वक्फ बोर्ड सुबह 11 बजे से प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करेगा बल्कि एक प्रेस रिलीज जारी करेगा।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या मामले पर फैसला सुनाते हुए रामजन्मभूमि की जमीन रामलला को दे दी। वहीं, मस्जिद के लिए पांच एकड़ जमीन देने का आदेश केंद्र सरकार को दिया है।
बोर्ड के अध्यक्ष ने कहा कि यह बैठक पहले 13 नवंबर को होने वाली थी लेकिन इसे 26 तक के लिए टाल दिया गया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने हमें सलाह दी कि मस्जिद के लिए जमीन न लेने से नकारात्मकता बढ़ेगी जो कि ठीक नहीं है। जबकि कुछ लोगों ने कहा कि जमीन लेकर यहां शिक्षा संस्थान और साथ में मस्जिद बनाइए।