लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय व इससे सहयुक्त महाविद्यालयों में दो जून से 12 जुलाई तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। कुलसचिव विद्यानंद त्रिपाठी ने कुलपति की स्वीकृति के बाद शनिवार को इसका आदेश जारी कर दिया। इसमें बताया कि अवकाश अवधि में विश्वविद्यालय के सभी कार्यालय खुले रहेंगे। परीक्षाएं भी पूर्व घोषित कार्यक्रम की तरह चलती रहेंगी। जो शिक्षक परीक्षा और प्रवेश कार्य के दौरान सेवा देंगे उन्हें प्रतिकर अवकाश दिया जाएगा। महाविद्यालयों में परीक्षाओं का संचालन व प्रशासनिक कार्य प्राचार्य के निर्देशन में होंगे।
नेशनल कॉलेज में चार जुलाई तक अवकाश
नेशनल पीजी कॉलेज में सेमेस्टर परीक्षाओं का समापन हो गया है। इसी के साथ यहां ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा हो गई है। महाविद्यालय में चार जुलाई तक अवकाश रहेगा। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित कार्य चलते रहेंगे।
शिक्षक भर्ती के लिए दो व तीन को साक्षात्कार
नेशनल पीजी कॉलेज में पांच विभागों में एक-एक पद के लिए शिक्षक भर्ती के लिए जारी विज्ञापन के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का दो और तीन जून को साक्षात्कार व लिखित परीक्षा होगी। इसकी सूचना सभी अभ्यर्थियों को भेज दी गई है। यहां वनस्पति विज्ञान, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, इतिहास व पब्लिक हेल्थ में शिक्षक की नियुक्ति की जानी है।